धान खरीदी केन्द्रों के 12 प्रभारी व 13 ऑपरेटरों का प्रभार बदला, कल से शुरू हो रही है धान खरीदी, शिकायत के आधार पर बदले गए प्रभार

जशपुर। धान खरीदी एक नवंबर से शुरू हाेगी। इससे पहले कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों के 12 प्रभारी व 13 कंप्यूटर ऑपरेटराें का तबादला किया है।कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने अवैध धान विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से विगत वर्ष जिन धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी और ऑपरेटर की शिकायत मिली थी, सिर्फ उन्हीं के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन किया है।

इनमें 12 प्रभारी और 13 ऑपरेटरों शामिल है। इनमें धान खरीदी केन्द्र कुनकुरी, पत्थलगांव, काडरो, किलकिला, घरजियाबथान, कोतबा, तपकरा, भगोरा, बगीचा, बिमड़ा, कुर्रोग, साहीडॉड़ के प्रभारी शामिल है। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर आरा, करडेगा, शब्दमुण्डा, चोंगरीबहार, बटाईकेला, घरजियाबथान, तमता, केराकच्छार, कोनपारा, गंझियाडीह, सन्ना, पण्ड्रापाठ और मनोरा में बदले गए हैं। कलेक्टर पदस्थापना की नई सूची जारी की है।

इस सूची में 24 समिति के 35 धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। उन्होंने सभी अधिकारी कर्मचारियों को गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। पहले ही कलेक्टर ने चेतावनी दी थी कि गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित प्रभारी और ऑपरेटरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिले के सभी धान खरीदी समिति के प्रबंधकों, धान खरीदी प्रभारी व कम्प्यूटर ऑपरेटरों की बैठक ली थी। इससे पहले आगामी धान खरीदी की तैयारी का बिंदुवार समीक्षा कर खरीदी केंद्रों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।