पाटन। नगर में भगवान महाप्रभु श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ हुई रथ यात्रा में पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। धार्मिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल भी रथ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देती है।

रथ यात्रा के दौरान सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, बाबा वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।






