पाटन। पाटन ब्लॉक के करसा स्थित गैस एजेंसी में इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेकर सड़क किनारे कतार में खड़े नजर आए। गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे करसा-भिलाई-3 मार्ग पर जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो गई।

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए उन्होंने राशि पहले ही जमा कर दी है और उनके मोबाइल पर ओटीपी भी प्राप्त हो चुका है। इसके बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी के लिए उन्हें महीनों से गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंच गए।

भीड़ बढ़ने के कारण सड़क के दोनों ओर लोगों और सिलेंडरों की कतार लग गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी से व्यवस्था सुधारने तथा समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर लगाने और सड़क पर कतार लगाने की परेशानी से राहत मिल सके।







