
पाटन। तहसील परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर अब लगाम लगाने की पहल शुरू हो गई है। पाटन के नवनियुक्त तहसीलदार मनोज गुप्ता ने बुधवार सुबह स्वयं मौके पर पहुंचकर पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित कराने के साथ ही परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी पहल की।

तहसील परिसर और पंजीयक कार्यालय में आने वाले लोग अक्सर अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते थे। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। वहीं, अव्यवस्थित पार्किंग के कारण तहसील कार्यालय परिसर की सुंदरता भी प्रभावित हो रही थी।

तहसीलदार मनोज गुप्ता की पहल पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए परिसर में मार्किंग कराई गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करते हुए संकेतक लगाए गए। इसके अलावा रेड रिबन लगाकर लोगों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने के लिए जागरूक किया गया।

साफ-सफाई को लेकर तहसीलदार ने नगर पंचायत पाटन के सीएमओ हेमंत वर्मा से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद तहसील परिसर में साफ-सफाई भी कराई गई। व्यवस्था में बदलाव के बाद अब तहसील परिसर पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित और साफ-सुथरा नजर आ रहा है।
तहसीलदार मनोज गुप्ता की इस पहल की स्थानीय लोगों और तहसील परिसर में आने वाले नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि पार्किंग की बेहतर व्यवस्था से आवागमन में सुविधा होगी और कार्यालय परिसर की व्यवस्था भी सुधरेगी।






