

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2022 के 59वें लीग मैच में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। मुंबई की ये तीसरी जीत इस सीजन में है, जबकि चेन्नई 8वां मैच हारी है। चेन्नई और मुंबई दोनों प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हैं। इस मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कप्तान रोहित शर्मा का ये फैसला सही साबित हुआ, क्योंकि चेन्नई 100 रन भी नहीं बना सकी।
मौजूदा चैंपियन चेन्नई की पूरी टीम 16 ओवर में 97 रन बनाकर ढेर हो गई। सीएसके के लिए कप्तान एमएस धोनी ने 33 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। 12 रन ड्वेन ब्रावो ने और 10-10 रन अंबाती रायुडू और शिवम दुबे ने बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। मुंबई की तरफ से तीन विकेट डेनियल सैम्स को मिले, जबकि दो-दो सफलताएं राइली मेरेडिथ और कुमार कार्तिकेय को मिले।
वहीं, 98 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही, क्योंकि टीम ने 34 रन पर 4 विकेट खो दिए थे। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 34 रन, कप्तान रोहित शर्मा और ऋतिक शौकीन ने 18-18 रन बनाए, जबकि 16 रन टिम डेविड ने बनाए। मुंबई ने 14.5 ओवर में 5 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया। चेन्नई के लिए 3 विकेट मुकेश चौधरी और एक-एक विकेट सिमरजीत सिंह और मोइन अली को मिला।






