अस्ताचलगामी सूर्य को छठ व्रतियों ने दिया अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

भिलाई। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को छठ व्रतियों ने विभिन्न जलाशयों और घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं संतान की दीर्घायु की कामना की।

भिलाई, रिसाली, मरोदा, भिलाई-3 सहित ग्रामीण क्षेत्रों के चुनकट्टा और अमलेश्वर में भी छठ पर्व की धूम रही। पर्व को लेकर घाटों पर विशेष सजावट की गई थी। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और छठी मैया के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

छठ पर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम चरण में सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर छठ महापर्व का समापन होगा।