रायपुर।बीजेपी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के 78 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 400 स्थानों पर जबरदस्त चक्काजाम आंदोलन कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। भाजपा ने बस्तर में अपने चार साथियों की षडयंत्र पूर्वक हत्या के विरोध में जन जागरण के उद्देश्य से यह आंदोलन किया।
प्रदेशव्यापी आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित सभी सांसदों, विधायकों एवं वरिष्ठ नेताओं ने किया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने शंकर नगर चौक पर चक्का जाम आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल सरकार का षड्यंत्र उजागर होने लगा है। नक्सलियों द्वारा सुनियोजित तरीके से भाजपा नेताओं की हत्या और छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध का विरोध जरूरी है। आज का चक्काजाम कांग्रेस की बदनियती के खिलाफ जनहुंकार है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ में जब जब कांग्रेस की सरकार आई है, राजनीतिक हत्याओं का दौर चला है।
1 महीने में भाजपा के 4 नेताओं की नृशंस हत्या की गई है। इसके विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी पूरे छत्तीसगढ़ में 400 स्थानों पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश भर में जनता हमें समर्थन दे रही है। शांत छत्तीसगढ़ की स्थापना के लिए जनता भागीदारी कर रही है। इस आंदोलन को बदनाम करने के लिए कांग्रेस सरकार ने बहुत कोशिश की लेकिन इतने बड़े आंदोलन के दौरान जनता को तकलीफ नहीं होने दी गई। आवश्यक सेवाएं जैसे एंबुलेंस फायर ब्रिगेड, बच्चों के स्कूली वाहन नहीं रोके गए। हम जनता के हित में आंदोलन कर रहे हैं और जनता यह समझती है।