छत्तीसगढ़ ने रचा कीर्तिमान: स्वतंत्रता दिवस से पूर्व दो लाख लोगों ने गाया ‘वंदे मातरम’, बना अनोखा रिकॉर्ड

रायपुर।स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर ने कीतिर्मान रचा है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर आज शुक्रवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में करीब 2 लाख लोगों ने एक साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।

ओम सेवा मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से करीब 10 हजार से ज्यादा लोग रायपुर पहुंचे। इस दौरान अमेरिका से भी कई शख्स वंदे मातरम गाने रायपुर पहुंचे। कार्यक्रम में सबसे पहले सभी ने एक स्वर में राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार…’ गाया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम….’ गाकर छत्तीसगढ़ के इतिहास के सुनहरे पन्नों में रिकॉर्ड कायम किया। बहुत जल्द ही इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया जाएगा। इसकी प्रक्रिया जारी है

देशभर के 16 राज्यों में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बीजेपी, कांग्रेस समेत सभी दलों के नेता, स्कूल, कॉलेज के स्टूडेंड्स, सामजिक, धार्मिक, व्यापारिक और कई संगठनों के लोग देशभक्ति के इस कार्यक्रम में गोता लगाए। एक साथ 2 लाख लोगों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाकर नया रिकॉर्ड बनाया। ओम सेवा मंडली और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन ने इस कार्यक्रम के लिए मिशन 1 लाख का टारगेट रखा था। देशभक्ति से सराबोर इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे। बढ़ चढ़कर भाग लिया। संस्था ने बताया कि ये कार्यक्रम देशभर के 16 राज्यों में आयोजित किया गया। रायपुर आयोजन का मुख्य केंद्र रहा। इसमें ऑफलाइन के साथ ही अन्य राज्यों से लोग ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मिलाकर कुल 2 लाख लोगों ने वंदे मातरम गाया। इससे पहले भी संस्था ने साल 2019 में 15 किलोमीटर तक तिरंगा यात्रा निकालकर इतिहास रच चुकी है।