बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा से लेकर कांग्रेस तक एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। केंद्रीय मंत्रियों के दौरों के साथ अब आप (आम आदमी पार्टी ) नेता भी प्रदेश में किस्मत आजमाने आ रहे हैं। इसी के तहत आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बिलासपुर में जनसभा करेंगे। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य वरिष्ठ नेता भी आएंगे। इसे लेकर प्रदेश कार्यकारिणी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में होने वाली जनसभा में आप दिल्ली और पंजाब के गवर्नेंस के मॉडल के आधार पर जनता को रिझाने का प्रयास करेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, जैसे कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पार्टी अपना छत्तीसगढ़ ब्लू प्रिंट जनता के बीच रखेगी। बिलासपुर संभाग की 24 सीटों पर आम आदमी पार्टी की नजर है। जिसमें 13 सीटों पर कांग्रेस काबिज है। सात सीटों पर भाजपा तो वहीं दो सीट पर बहुजन समाजवादी पार्टी और एक सीट पर जोगी कांग्रेस का कब्जा है।

राज्य की दोनों ही प्रमुख पार्टियों के साथ तीसरे विपक्ष के रूप में उभरी आम आदमी पार्टी की नजर बिलासपुर संभाग पर है। ऐसे में आम आदमी पार्टी अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहारे जनता के बीच पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रही है। जिससे आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल सके। फिलहाल माना जा रहा है कि इस बार का मुकाबला रोमांचक हो सकता है।