छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओपी माथुर को पार्टी ने अब चुनाव की कमान भी सौंप दी है। भाजपा ने शुक्रवार को ओम माथुर को प्रदेश का चुनाव प्रभारी बना दिया है। वह केंद्रीय चुनाव समिति में भी शामिल हैं। उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया काे सह प्रभारी बनाया गया है। ओम माथुर के साथ ही भाजपा ने तीन अन्य प्रदेशों के भी चुनाव प्रभारी बनाए हैं। इनमें राजस्थान का चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को मध्य प्रदेश और प्रकाश जावडेकर को तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी है।

वरिष्ठ नेता ओम माथुर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही माथुर लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को फिर से एकजुट करने का काम किया है। वहीं संगठनात्मक रूप से भी प्रदेश के नेता उनके खिलाफ नहीं जाते। वहीं उनका राजनीतिक अनुभव भी काफी लंबा है। उनके प्रभार में भाजपा राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश से बड़े राज्य जीत चुकी है। संभवत: ऐसे में पार्टी किसी अन्य को चुनाव प्रभारी बनाकर दो पावर सेंटर नहीं बनाना चाहती।
10 महीने पहले बनााए गए प्रदेश प्रभारी
ओम माथुर को करीब 10 महीने पहले ही छत्तीसगढ़ की कमान सौंपी गई है। उनके पहले डी. पुरुंदेश्वरी प्रभारी थीं। केंद्रीय नेतृत्व ने उनको अचानक हटाकर माथुर को प्रभारी बना दिया। इससे पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन में भी बड़े बदलाव किए गए थे। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बदलने के साथ ही विधानसभा में विपक्ष के नेता तक को बदल दिया था। अब फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा खत्म होने के महज कुछ घंटों बाद ही ओम माथुर को नई जिम्मेदारी देने का आदेश जारी हो गया।