छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन:  कर्मचारी हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक 6 सितंबर को, आगामी आंदोलन की रणनीति एवं संगठनात्मक विषयों पर होगा मंथन

रायपुर, 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक 6 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 1:00 बजे प्रांतीय कार्यालय, छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ, मंत्री स्वास्थ्य मंत्री निवास परिसर, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित की गई है।

बैठक में प्रदेश के कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े ज्वलंत एवं लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही, कर्मचारी हितों को लेकर आगामी आंदोलन की रणनीति, रूपरेखा एवं आवश्यक कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक में फेडरेशन के संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

फेडरेशन ने संबद्ध सभी संगठनों के प्रांत अध्यक्षगण से अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है। अपरिहार्य कारणवश किसी प्रांत अध्यक्ष के उपस्थित नहीं हो पाने की स्थिति में वे अपने संगठन की ओर से संपूर्ण अधिकार प्रदान करते हुए महामंत्री को अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में बैठक में भेजें। बैठक में फेडरेशन के समस्त संभाग प्रभारी एवं जिला संयोजक भी आमंत्रित हैं।

फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि बैठक में कर्मचारी हित एवं संगठन के संबंध में लिए गए निर्णय फेडरेशन से संबद्ध सभी संगठनों के लिए बाध्यकारी होंगे तथा सभी संगठनों से लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग की अपेक्षा की गई है।