छत्तीसगढ़ में अभी और सताएगी लू, फिर बदलेगा मौसम; मौसम विभाग ने दी बारिश और आंधी के संकेत

रायपुर।छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बरकरार रहा। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे दिनभर लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 29 मई के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

प्रदेश में बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर और पेंड्रारोड समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मौसम में बदलाव के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।