कामनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का जलवा…ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर

रायपुर।छत्तीसगढ़ की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राजनांदगांव और छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है। ज्ञानेश्वरी ने भारत को प्रतियोगिता में पांचवां और वेटलिफ्टिंग में चौथा पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में उतरी ज्ञानेश्वरी ने कड़े मुकाबले के बीच बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। इस मुकाबले में उनकी नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह से कांटे की टक्कर देखने को मिली।

कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बढ़ाया देश का मान 


ज्ञानेश्वरी यादव इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में उन्होंने महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता था, जबकि स्नैच स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया था। वहीं जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2022 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था।