दुर्ग। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा को सहेजने की दिशा में रविवार को दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 18, औद्योगिक नगर दक्षिण स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने छत्तीसगढ़ की प्रथम तीजहारिन प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ीया तीजहारिन समिति दुर्ग के तत्वावधान में किया गया। प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि श्रीमती रजनी विजय बघेल एवं विशेष अतिथि दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ीया तीजहारिन समिति दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती नीलम भंडारी ने की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती रजनी विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ के प्रथम तीजहारिन भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये दिलाने का वादा किया। वहीं दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने छत्तीसगढ़ के प्रथम भव्य तीजहारिन चौक के निर्माण का प्रस्ताव एमआईसी में पारित करवाने के लिए सहमति देने की बात कही।

वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद श्री देवनारायण चंद्राकर ने प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण के साथ तीजहारिन बहनों के लिए शेड निर्माण, चेयर एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने भी तीजहारिन चौक के सौंदर्यीकरण में भरपूर सहयोग करने का आश्वासन दिया। वहीं दुर्ग के पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा ने अपनी ओर से छतरी निर्माण के लिए सहयोग देने का वादा किया।

आपसी सहयोग से बन रहा तीजहारिन चौक
समिति के अनुसार छत्तीसगढ़ीया तीजहारिन महिलाएं स्वयं आपसी सहयोग से इस चौक का निर्माण करा रही हैं। इसके लिए महिलाएं अपनी क्षमता के अनुसार 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक का चंदा देकर योगदान दे रही हैं। यह चौक छत्तीसगढ़ीया तीजहारिन समिति की प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती राधा बाई यादव की स्मृति में बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती करुणा यादव, अध्यक्ष श्री कृष्ण भगवान मंदिर अहीर समाज रायपुरा ट्रस्ट, श्री हर्षहींद यादव, श्री अरुण जोशी, श्री महेश साहू, श्री मधूकांत कोसें, श्री बृजेश यादव, श्री गोविंद सहित समिति की सचिव श्रीमती रामेश्वरी दिल्लीवार, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा साहू, श्रीमती योगिता देशमुख, श्रीमती श्रीवती यादव, श्रीमती ममता दिल्लीवार, सुनीता सेन, मंजू ठाकुर, उषा निर्मलकर, राधिका राजपूत, दुर्गा देवांगन, शकुंतला चौबे, पुष्पा पटेल सहित बड़ी संख्या में समिति की सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं।






