रायपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवाओं ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और साहस का परिचय देते हुए हिमालय की दुहांगन वैली में 5350 मीटर की ऊंचाई तक सफलतापूर्वक आरोहण कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश में आयोजित ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन हिमालय 2025 में शामिल इस दल ने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और आइस क्लाइंबिंग जैसी कठिन पर्वतीय गतिविधियों में अपनी उत्कृष्ट दक्षता दिखाई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित सीएम कैंप कार्यालय में इन पर्वतारोहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के साहस, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर के युवाओं ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जशपुर और पूरे प्रदेश के आदिवासी युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता उत्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिकता की भावना का विकास होता है।
यह दल जिला प्रशासन, जशपुर के सहयोग से सितंबर माह में अभियान के लिए रवाना हुआ था। अभियान के दौरान युवाओं ने कठिन परिस्थितियों में पर्वतारोहण का अभ्यास किया और टीम भावना का परिचय दिया। पर्वतारोहियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन और प्रशासन के सहयोग से ही उन्हें हिमालय अभियान का हिस्सा बनने और यह उपलब्धि हासिल करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से जिले के अन्य युवा भी साहसिक खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित होंगे।
जनजातीय हिमालय पर्वतारोहण अभियान 2025 की शुरुआत एक स्थानीय प्रशिक्षण पहल के रूप में हुई थी, जो युवाओं के सामूहिक प्रयास, विश्वास और समर्पण से एक सशक्त अभियान के रूप में विकसित हुआ। इस पहल ने न केवल प्रदेश के युवाओं में रोमांच और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ाया है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त बनाया है।






