चीचा राशन दुकान में कीड़ेयुक्त चावल वितरण का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम चीचा में शासकीय उचित मूल्य की दुकान से कीड़े लगे चावल वितरण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राशन दुकान में खराब गुणवत्ता वाले चावल बांटे जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, सेलूद और सोरम में राशन के चावल में कीड़े मिलने की शिकायतों के बाद अब ग्राम चीचा में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि चावल में कीड़े होने की जानकारी सेल्समैन को दिए जाने के बावजूद वितरण कार्य जारी रखा गया।

चीचा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हर्ष कुमार मनहर ने बताया कि राशन दुकान में वितरित किए जा रहे चावल की गुणवत्ता खराब है और उसमें कीड़े पाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हितग्राहियों को गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण राशन मिल सके। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा कर रहे हैं।