मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को 22वें योद्धा नर्तन राऊत नाच महोत्सव में मुख्य अतिथि बनने का आमंत्रण, सीएम ने दी सहमति

यादव संघ मित्र कल्याण मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में की सौजन्य मुलाकात, महोत्सव के पोस्टर का भी हुआ विमोचन

भिलाई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से यादव संघ मित्र कल्याण मंडल दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मंडल के पदाधिकारियों ने आगामी 14 फरवरी 2027 को दुर्ग में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय 22वें योद्धा नर्तन राऊत नाच महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने की सहमति प्रदान की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के हाथों 22वें योद्धा नर्तन राऊत नाच महोत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रतिनिधिमंडल में संयोजक श्री राजेश यादव, अध्यक्ष श्री हर्षहींद यादव, सचिव श्री उमराव यादव, कोषाध्यक्ष श्री कमलेश यादव एवं प्रचार मंत्री श्री सूर्य प्रकाश यादव शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि यादव संघ मित्र कल्याण मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से प्रदेश की गौरवशाली लोक सांस्कृतिक परंपरा राऊत नाच को योद्धा नर्तन के नाम से भव्य स्वरूप में लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य यादव समाज की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत, शौर्य, परंपरा एवं लोककला का संरक्षण, संवर्धन और आधुनिकीकरण करना है।

आगामी महोत्सव 14 फरवरी 2027 को दुर्ग के दुर्गा मंच प्रांगण, वार्ड क्रमांक 19, तितुरडीह में आयोजित होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र एवं झारखंड सहित अन्य राज्यों के यादव समाज के प्रतिभागी भी शामिल होकर अपने पारंपरिक यादवी शौर्य का प्रदर्शन करेंगे।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नगद पुरस्कार

महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ यादवी शौर्य प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 16 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये, चतुर्थ पुरस्कार 7 हजार रुपये तथा पंचम पुरस्कार 5 हजार रुपये नगद राशि के साथ शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ अखाड़ा, सर्वश्रेष्ठ बांस गीत एवं सर्वश्रेष्ठ राऊताई हाथ चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के यादव समाज की गौरवशाली परंपरा, वीरता, लोककला और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने से आयोजन समिति एवं यादव समाज में उत्साह का माहौल है।