पाटन। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मुख्यमंत्री का 1 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरा फिलहाल निरस्त हो गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब 1 अक्टूबर को मुख्यमंत्री अमलेश्वर नहीं आएंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जिस स्थान पर प्रस्तावित था, वहां हाल ही में आई बाढ़ के कारण काफी पानी भर गया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा मौके पर सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। इसी सिलसिले में दुर्ग कलेक्टर ने मंगलवार सुबह अमलेश्वर पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और वहां की स्थिति एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि बाढ़ के बाद कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का अमलेश्वर दौरा अब 7 अक्टूबर को प्रस्तावित किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री के दौरे की नई तारीख को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां और कार्यक्रम की रूपरेखा तय होने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।






