खेल के मैदान में लौटा बचपन ! ‘मेरा बचपन’ में अभिभावकों ने मचाई धूम, बच्चों ने तालियों और पुरस्कारों से बढ़ाया उत्साह


पाटन। संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित त्रिदिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव के अंतिम दिन गुरुवार को ‘मेरा बचपन’ कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ किया गया। इस अनूठे आयोजन में अभिभावकों ने बच्चों की तरह खेलों का आनंद लेते हुए अपने बचपन की सुनहरी यादों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत अभिभावकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें कपल रिंग वॉक, रिंग रन, बिस्किट चैलेंज, कपल बैलून रेस, पेपर रन, प्लेट रेस, कैच द बॉल, पुल द थ्रेड एवं कुर्सी दौड़ जैसे रोचक खेल शामिल रहे।


इन खेलों में महिला एवं पुरुष अभिभावकों के साथ-साथ दंपतियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने माता-पिता को खेलों में भाग लेते हुए देखा और उनका तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की एक विशेष और आकर्षक बात यह रही कि प्रत्येक खेल के समापन पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता अभिभावकों को उनके अपने बच्चों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर भी खुशी और गर्व की झलक दिखाई दी।
कहीं फुर्ती और कहीं आपसी तालमेल की शानदार मिसाल देखने को मिली। खेलों के दौरान हंसी, ठहाकों और तालियों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। अभिभावकों और बच्चों के इस खूबसूरत संगम ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।


इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ना, उनके साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना तथा उन्हें अपने व्यस्त जीवन से कुछ पल निकालकर बचपन की मस्ती और खुशियों का अनुभव कराना था।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि खेल केवल बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि हर उम्र के व्यक्ति के जीवन में उत्साह, आनंद और आपसी जुड़ाव का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।


अंत में संस्कार पब्लिक स्कूल परिवार की ओर से सभी सहभागी अभिभावकों एवं बच्चों का उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।