पाटन। छत्तीसगढ़ में आज से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही “स्कूल चले हम” अभियान का आगाज हो गया है। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद स्कूलों के खुलते ही बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पाटन ब्लॉक के 181 प्राथमिक शालाओं, 98 मिडिल स्कूलों, 19 हाईस्कूलों और 38 हायर सेकेंडरी स्कूलों में आज से नियमित पढ़ाई शुरू हो गई। पहले दिन कई स्कूलों में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया, वहीं आने वाले दिनों में गणवेश वितरण का कार्य भी शुरू होगा। खंड शिक्षा अधिकारी ने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हालांकि कुछ स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इसके बावजूद बच्चों ने नए सत्र के साथ अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में पहला कदम बढ़ा दिया है।

गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को स्कूलों की घंटी फिर गूंज उठी। नए बैग, नई किताबों और नए उत्साह के साथ छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे। पाटन ब्लॉक के सभी शासकीय विद्यालयों में शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत हुई। कई स्कूलों में पहले ही दिन पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई शुरू करने में सुविधा मिले। खंड शिक्षा अधिकारी ने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की संख्या और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था कमजोर पाई गई, जिसे सुधारने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में संकुल स्तर से स्कूलों को किताब और गणवेश वितरण का कार्य तेज किया जाएगा।






