बाल दिवस : विद्यार्थियों ने चाचा नेहरू को किया याद, बच्चों को बताया राष्ट्र का भावी निर्माता


पंडरिया। विकासखंड पंडरिया के शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को ‘बाल दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने पंडित नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ये नन्हे बच्चे ही राष्ट्र के भावी निर्माता हैं। चाचा नेहरू का यह दृढ़ विचार था कि भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो, जो इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से ही संभव है।
आधुनिक भारत के वास्तुकार थे पंडित नेहरू-
व्याख्याता ज्योति ध्रुव ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को ‘आधुनिक भारत का वास्तुकार’ भी कहा जाता है। वहीं, व्याख्याता महेंद्र कंठले ने बताया कि भारत में बच्चों की शिक्षा, प्रगति और कल्याण के प्रति नेहरू की प्रतिबद्धता का सम्मान करने के लिए ही प्रतिवर्ष 14 नवंबर को ‘बाल दिवस’ मनाया जाता है।
भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह-
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के लिए एक भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और चाचा नेहरू के जीवन व आदर्शों पर अपने शानदार विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू, योगेश कुमार गुरुदिवान, महेंद्र कंठले, मनीषा मार्को, ज्योति ध्रुव, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।