
पाटन। नगर पंचायत पाटन के वार्ड क्रमांक 2 स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला इंदिरा नगर के विद्यार्थियों को शुक्रवार को नए स्कूल भवन की सौगात मिल गई। 7 अगस्त से नए भवन में विधिवत कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया गया।

नए भवन में कक्षाएं प्रारंभ होने के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, पार्षद, एल्डरमैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा, उपयंत्री तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों के साथ नए भवन में शिक्षण कार्य का शुभारंभ किया।

गौरतलब है कि स्कूल भवन का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका था और उसका लोकार्पण भी हो गया था, लेकिन कुछ तकनीकी कमियों के कारण विद्यार्थियों को नए भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। आवश्यक कार्य पूर्ण होने के बाद शुक्रवार से बच्चों की कक्षाएं नए भवन में शुरू कर दी गईं।

सुबह 10 बजे जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कक्षाओं का शुभारंभ हुआ। नए, सुरक्षित और सुविधायुक्त भवन में पढ़ाई शुरू होने से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, बिज्जू देवांगन, देवेंद्र ठाकुर, श्री निर्मलकर, एल्डरमैन दामोदर चक्रधारी, प्रकाश बिजौरा, गंगा प्रसाद, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





