पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कथित एआई आधारित वायरल वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस मामले को लेकर अमलेश्वर नगर कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध जताते हुए थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया जाए और दोषी व्यक्ति की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि इस प्रकार के एआई वीडियो न केवल किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में भ्रम और अशांति भी फैलाते हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता अमलेश्वर थाना पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।







