नंदनवन जंगल सफारी में माटीकला कार्यशाला का आयोजन, बच्चों को दिया गया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

रायपुर। नंदनवन जंगल सफारी में दिनाँक 27 अक्टूबर 2024 को एक अनूठी माटीकला कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकार विष्णु देवांगन ने बच्चों को वन्यजीवों की मिट्टी की आकृतियाँ बनाने की कला सिखाई। कार्यशाला में बच्चों ने विभिन्न वन्यजीवों जैसे हाथी, शेर की मूर्तियों का निर्माण किया और इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें वन्यजीव संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

बच्चों व् पर्यटकों को न केवल माटीकला के बुनियादी तकनीकों से परिचित कराया, बल्कि वन्यजीवों की आकृतियाँ बनाते समय उनमें भावनात्मक जुड़ाव भी उत्पन्न किया। कार्यशाला के समापन पर, नंदनवन जंगल सफारी के संचालक श्री धम्मशील गणवीर ने बच्चों और नागरिकों को संदेश दिया कि जंगल सफारी में प्रत्येक शनिवार और रविवार को इस प्रकार की रचनात्मक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है जिससे नागरिकों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेष रूप से बच्चों, को इस प्रकार की कार्यशालाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया और बताया कि यह पहल समाज में वन्यजीव संरक्षण को प्रोत्साहित करने का एक प्रभावी माध्यम है।