प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सिर्री में स्वच्छता, वृक्षारोपण का आयोजन,की गई पूजा-अर्चना

अंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, ओटेबंद मंडल द्वारा ग्राम पंचायत सिर्री में स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं पूजा-अर्चना सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का आयोजन शीतला प्रांगण में किया गया, जहां सर्वप्रथम मां शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं और युवाओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया।


इस दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर, किसानों के हितों की रक्षा, रक्षा क्षेत्र की मजबूती और प्रभावी विदेश नीति जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।


वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का “विकसित भारत–2047” का संकल्प देश के हर नागरिक का दायित्व है और इसे साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं से समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।


कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ ले सकें। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष गुण्डरदेही पुरुषोत्तम चंद्राकर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन साहू, जिला महामंत्री अनूप देशमुख, सिर्री शक्ति केंद्र प्रभारी श्रीकांत वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंकज चौधरी, जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी देवेंद्र साहू, सरपंच भारती देवांगन, मंडल अध्यक्ष तुलसी साहू, महामंत्री डिलेंद्र कुमार साहू, सारंग चंद्राकर एवं मीडिया प्रभारी कुलदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।