पाटन। विकासखंड के अंतर्गत आने वाले अचानकपुर गांव में महिला स्व-सहायता समूहों की पहल से स्वच्छता की मिसाल कायम की जा रही है। गांव की विभिन्न महिला समूहों की सदस्याएं मिलकर प्रत्येक माह एक दिन श्रमदान करती हैं और गांव की गलियों, चौक-चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करती हैं।
महिलाओं का कहना है कि स्वच्छ गांव से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से वे नियमित रूप से अभियान चलाकर ग्रामीणों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर रही हैं। अभियान के दौरान कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई और आसपास फैली गंदगी को हटाने का कार्य किया जाता है।
ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू ने महिला समूहों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।







