स्वच्छता से ही शरीर व देश स्वस्थ रह सकता है: शासकीय प्राथमिक शाला बांधा में चलाया गया स्वच्छता अभियान

पंडरिया। ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला बांधा में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। अभियान में मुख्य रूप से शाला प्रबंध समिति के सदस्य, रसोइया, सहायक रसोइया और सफाईकर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने सक्रिय रूप से श्रमदान किया।

शाला की प्रधान पाठिका पूर्णिमा सिंह ने बच्चों व ग्रामीणों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “स्वच्छता से ही शरीर व देश स्वस्थ रह सकता है। यदि हम अपने आसपास सफाई रखेंगे, तो बीमारियों से दूर रहेंगे और एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा।”

इस सेवा संकल्प और स्वच्छता अभियान के दौरान शिक्षक विपिन कुमार पाठक, स्कूली बच्चे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्कूल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।