संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन,गुलाल लगाकर किया बच्चों का स्वागत

अण्डा। नए शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर संकुल केंद्र अण्डा अंतर्गत संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन शासकीय प्राथमिक शाला गांधीभांठा अण्डा में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत कर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजीत चन्द्राकर (सदस्य जनपद पंचायत दुर्ग) रहे, जबकि अध्यक्षता श्रीमती सीमा जाम्बुलकर (संकुल प्राचार्य) ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती बेला यादव (सदस्य जनपद पंचायत दुर्ग), दिग्विजय सिन्हा (सरपंच, ग्राम पंचायत अण्डा), यशवंत बंजारे (उपसरपंच), सेवानिवृत प्रचार्य डी. पी. चन्द्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों का गुलाल, पुष्पहार और आत्मीय स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। अतिथियों और विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और विद्यालय से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए विशेष मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें खीर-पूड़ी और मिठाई वितरित की गई। बच्चों और अभिभावकों ने इस आयोजन का आनंद लेते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।


अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव है। उन्होंने अभिभावकों, समुदाय और विद्यालय प्रबंधन से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग की अपील की। साथ ही सभी बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल केंद्र अण्डा के समस्त प्रधान पाठकों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में संकुल समन्वयक प्रवेश देवांगन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन चन्द्रहास साहू (प्रधान पाठक अण्डा) ने किया।