सीजी मितान न्यूज़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में BOYES & MOORES INTERNATIONAL COMPANY, जापान के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और बस्तर के होनहार अविनाश तिवारी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और उद्योग स्थापना की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों, औद्योगिक आधारभूत ढांचे और निवेशकों को मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि अविनाश तिवारी मूलतः बस्तर जिले के तोकापाल क्षेत्र के निवासी हैं और नवोदय विद्यालय, बारसूर (दंतेवाड़ा) के पूर्व छात्र रहे हैं। वर्तमान में वे जापान की प्रतिष्ठित कंपनी में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता डॉ. सुरेश तिवारी सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि बस्तर की धरती से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अविनाश तिवारी जैसे युवाओं की सहभागिता से प्रदेश में उद्योग और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि बस्तर के प्रतिभाशाली युवा अब छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देने की दिशा में आगे आ रहे हैं।







