पाटन।।पाटन क्षेत्र के भरर में 26 अप्रैल को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी अवसर पर ग्राम पंचायत औरी के ग्रामीण अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत औरी के समस्त ग्रामवासियों ने सरपंच कालिंद्री मानिकपुरी को आवेदन सौंपते हुए मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति मांगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आज तक तालाब नहीं है, जिससे उन्हें पानी से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे पहले भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन को एक बड़े अवसर के रूप में देखते हुए सरपंच द्वारा तालाब निर्माण की मांग का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा और गांव में तालाब निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। सरपंच को ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीणों में दिलीप टंडन, रामा कुर्रे, संदीप चंद्राकर, सरिता सोनवानी, गायत्री यादव, पूनम , मनीषा देश लहरे, पुनाराम कुर्रे, सनत सोनवानी, चंद्र देव सोनवानी, बंटी बंजारे, ग्वालिन चंद्राकर , अभिषेक चतुर्वेदी समस्त पंच और ग्रामीण लोग उपस्थित थे।







