शिव मंदिर प्रांगण एवं तालाब पचरी में सामूहिक स्वच्छता अभियान सम्पन्न


पंडरिया।स्वच्छता ही सेवा और “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” के संदेश को साकार करते हुए बुधवार को ग्राम पंचायत दलपुरुवा में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान के तहत शिव मंदिर प्रांगण एवं तालाब पचरी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सुबह से ही महिला स्व सहायता समूह की सदस्यों एवं वृक्ष मित्र टीम के सदस्यों ने मंदिर परिसर में फैले कचरे, प्लास्टिक, सूखे पत्तों को एकत्र कर साफ किया तथा तालाब की पचरी (घाट) पर जमे कचरे को हटाकर घाट को स्वच्छ बनाया।


सफाई के पश्चात सभी सदस्यों ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा अपील की कि मंदिर व तालाब जैसे सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें, कचरा इधर-उधर न फेंकें साथ ही प्लास्टिक का उपयोग बंद करें।
इस अवसर पर उपसरपंच सुनील साहू ने कहा कि मंदिर और तालाब हमारे गांव की आस्था और पहचान हैं, इन्हें स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने धार्मिक स्थलों को साफ रखेंगे तो पूरा गांव अपने आप साफ रहेगा।इस अभियान में महिला स्व सहायता समूह के सभी सदस्य, वृक्ष मित्र टीम, पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।