कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की पहल बनी मिसाल, एक बस में अधिकारियों संग पहुंच रहीं शिविर में


बालोद।। देश में डीजल की खपत कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री की अपील के बीच बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। कलेक्टर पहले से ही जिला मुख्यालय के अधिकारियों के साथ एक ही बस में बैठकर विभिन्न शिविरों और कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंच रही हैं।
कलेक्टर की इस पहल से न केवल डीजल की बचत हो रही है, बल्कि प्रशासनिक समन्वय भी मजबूत हो रहा है। अलग-अलग वाहनों के बजाय सभी अधिकारी एक साथ सफर करते हैं, जिससे समय की बचत के साथ योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर आपसी चर्चा भी हो जाती है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि एक साथ यात्रा करने से अनुशासन और टीम भावना भी बेहतर होती है। शिविर स्थल तक पहुंचने के दौरान अधिकारी आपस में योजनाओं की समीक्षा कर लेते हैं, जिससे कार्यों के संचालन में भी आसानी होती है।
प्रधानमंत्री द्वारा डीजल की कम खपत और ऊर्जा बचत को लेकर की गई अपील के बीच बालोद प्रशासन की यह पहल पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग का सकारात्मक संदेश दे रही है।