कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सीएससी झीट का किया निरीक्षण, दवाईयों के स्टॉक से लेकर ऑपरेशन थियेटर तक का किया गहन अवलोकन

पाटन / कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज जिले के विभिन्न विकास कार्यो एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र पांहदा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट पाटन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
कलेक्टर ने पाटन विकास खण्ड के अंतर्गत पांहदा में कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र द्वारा कृषि विकास मृदा उपचार एवं पशु पालन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यो की प्रदर्शनी देख, ज्यादा से ज्यादा किसानों को जागरूक कर इनका लाभ दिलाने कहा। केंद्र के वैज्ञानिकों से चर्चा करते हुए जिले में दुग्ध एवं अण्डा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य करने कहा। निरीक्षण के दौरान डॉ. विजय जैन को अन्य खेती करने वाले किसानों को नई तकनिकी के साथ उन्हे उन्नत खेती करने प्रोत्साहित किया जाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वहां के उत्पादनों को देखा और निर्देशित किया कि अन्य किसानों को प्रशिक्षित करें ताकि वह भी अपनी खेती अच्छे से कर सके। उनके फसल की उत्पादन क्षमता बढ़ सके। साथ ही अधिकारियों से क्षेत्र में उत्पादित होने वाले कृषि उत्पादों को सी-मार्ट के अलावा शहर के प्रमुख शॉपिंग काम्प्लेक्स में भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने झीट में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेषतौर से साफ-सफाई रखने निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पौधारोपण करने एवं पेवर ब्लॉक लगाये जाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर के सौन्दर्यीकरण किया जाना सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों के लिए भी बैठक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अश्वनी कुमार देवांगन, एसडीएम पाटन श्री दीपक निकुंज तथा अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।