पंडरिया।ब्लाक के ग्राम पौनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सोमवार शिक्षक कर्नल तिवारी का विदाई समारोह अत्यंत गरिमामय व भावनात्मक वातावरण में आयोजित किया गया। श्री तिवारी का स्थानांतरण विगत माह हुआ था,जिसके पश्चात विद्यालय व ग्रामीणों ने विदाई समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत पौनी की सरपंच रोशनी रवि साहू के प्रतिनिधि रवि साहू के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंडी अध्यक्ष कबीरधाम विष्णु साहू ,ईश्वरी साहू ,पूर्व मंडल अध्यक्ष गजपाल साहू, रामावतार साहू, उपसरपंच साहेबलाल ठाकुर, रोशन साहू, उदय साहू, समलिया साहू, रवि साहू, झुलाराम साहू ,रामकुमार, अरविन्द्र, राजकुमार , बोधराम ,जनी साहू शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। अतिथियों ने कर्नल तिवारी के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा उन्हें श्रीफल, शाल एवं स्मृति भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विदाई की बेला को यादगार बनाने के लिए बाजे-गाजे के साथ श्री तिवारी का पूरे ग्राम में भ्रमण कराया गया। ग्रामीणों ने आत्मीयता और सम्मान के साथ उन्हें विदाई दी। यह दृश्य सभी के लिए भावुक एवं अविस्मरणीय रहा।
प्रधानपाठक वासुदेव सिंह राठौर ने कहा कि श्री तिवारी बहुमुखी प्रतिभा के धनी है,उन्होंने गांव के विद्यार्थियों के शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।विद्यालय में शिक्षा के अलावा वे सभी शासकीय कार्य में जिम्मेदारी से कार्य करते हैं।उन्होंने कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, ग्रामीणों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षिका योगेश्वरी राजपूत, इंदुकला राजपूत एवं शिक्षक नीलम कुमार धनकर सहित पांच गण , ग्रामीण व बच्चों की सराहनीय उपस्थिति रही।
यह विदाई केवल एक शिक्षक की विदाई नहीं, बल्कि उनके समर्पण, सेवा और शिक्षा के प्रति निष्ठा के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी। श्री कर्नल तिवारी की यादें और उनका योगदान विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों के हृदय में सदैव जीवित रहेगा।







