अनुकरणीय पहल: 17 ड्रॉपआउट बच्चों ने दी 10वीं और 12वीं की ओपन स्कूल परीक्षा


पंडरिया।विकासखंड पंडरिया के अंतर्गत वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) के उत्कृष्ट व्याख्याता संतोष कुमार साहू की अनुकरणीय पहल से ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले 17 ड्रॉपआउट बच्चों को ओपन स्कूल के माध्यम से 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित कराया गया।


विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि ओपन स्कूल के माध्यम से 17 ड्रॉपआउट (बीच में पढ़ाई छोड़ चुके) बच्चों को दोबारा परीक्षा दिलाना किसी व्याख्याता की एक बेहद सराहनीय और अनुकरणीय पहल है। ऐसे जमीनी प्रयास देश के शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी संस्थान के उस बड़े लक्ष्य को पूरा करते हैं, जिसके तहत मुख्यधारा से छूटे बच्चों को वापस शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
ऐसी अनुकरणीय पहलों का समाज और शिक्षा व्यवस्था पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। जिन बच्चों ने पारिवारिक, आर्थिक या किसी अन्य कारण से पढ़ाई छोड़ दी थी, उन्हें इस परीक्षा के जरिए करियर में आगे बढ़ने का दूसरा मौका मिला है।


व्याख्याता ज्योति ध्रुव ने बताया कि यह कदम अन्य शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को भी प्रेरित करता है कि वे अपने आसपास के ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान करें और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में लाएं। व्याख्याता योगेश कुमार गुरुदिवान ने भी बताया कि इससे ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में ओपन स्कूल के प्रति जागरूकता बढ़ती है, जिसकी डिग्री सरकारी नौकरी और आगे की पढ़ाई के लिए पूरी तरह मान्य है।
इस अनुकरणीय पहल के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर, खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव, प्राचार्य विकास शुक्ला, बसंत डोरे, व्याख्याता चंद्रविजय जैन और शैक्षिक समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना, मनीषा मार्को ने सराहन करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।