राजू वर्मा सीजी मितान न्यूज़

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए शनिवार ऐतिहासिक रहा। भारतीय मुक्केबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 फाइनल में 7 गोल्ड और 3 सिल्वर जीतकर नया कीर्तिमान बनाया। प्रीति पवार, जैस्मिन लैंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घांघस, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पांघल ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते, जबकि जादुमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल को रजत पदक मिला। यह कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग का अब तक का सबसे सफल अभियान रहा।

बॉक्सिंग के अलावा भारत ने अन्य खेलों में भी दमदार प्रदर्शन किया। गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर ग्लासगो 2026 में अपना दूसरा मेडल हासिल किया। सोमन राणा ने पुरुष पैरा शॉट पुट F57 में गोल्ड और शुभम जुयाल ने सिल्वर जीतकर भारत को 1-2 फिनिश दिलाई।

वहीं प्रवीण चित्रवेल ने ट्रिपल जंप में सिल्वर, सेल्वा प्रभु थिरुमारन और उन्नति शर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किए। इन उपलब्धियों के साथ भारत के खाते में अब 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज समेत कुल 39 मेडल हो गए हैं।






