पाटन। दरबार मोखली–बेलौदी मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का लगभग तीन वर्षों से लंबित मुआवजा भुगतान कराने की मांग को लेकर प्रभावित किसानों ने सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें स्वीकृत मुआवजा राशि का भुगतान नहीं मिल सका है। मंत्रालय स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन संबंधी दस्तावेज लंबित होने के कारण भुगतान प्रक्रिया रुकी हुई है।

किसानों का कहना है कि लंबे समय से मुआवजा नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। उन्होंने शासन से लंबित प्रशासनिक प्रक्रिया का शीघ्र निराकरण कर मुआवजा राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रभावित किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में प्रभावित किसान उपस्थित रहे।






