अमलेश्वर पालिका के  सामने जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्षदों व कांग्रेसजनों का धरना प्रदर्शन

पाटन।। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्षदों एवं कांग्रेसजनों ने धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं। कांग्रेसजनों का आरोप है कि नगर पालिका की सामान्य सभा में उठाए गए कई महत्वपूर्ण विषयों पर जवाब देने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

कांग्रेसजनों ने बताया कि नगर पालिका परिषद अमलेश्वर की सामान्य सभा में 4 जून 2026 को विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। संबंधित मामलों में 2 से 3 दिनों में जवाब उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताया।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने नगर पालिका से वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की आय-व्यय की जानकारी, अवैध प्लॉटिंग से संबंधित विवरण, अवैध अतिक्रमण की जानकारी, बिजली खंभों पर स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता एवं सुधार, शासकीय मोटर पंपों में लगे नलों को बनाने एवं मरम्मत कराने तथा अमलेश्वर पुल से सांकरा पहुंच मार्ग पर स्ट्रीट लाइट शुरू करने की मांग की।

इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में बारिश के पानी से होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, अमलेश्वर क्षेत्र के मुख्य मार्गों से मवेशियों को हटाने तथा वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट प्रस्तुत करने की मांग भी कांग्रेसजनों ने उठाई।

कांग्रेस पार्षदों एवं कांग्रेसजनों ने कहा कि नगर के विकास और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर अब चुप नहीं बैठेंगे और मांगों का निराकरण होने तक संघर्ष जारी रहेगा।