अहिवारा में कांग्रेस का शांतिपूर्ण धरना सम्पन्न
धान खरीदी तिथि बढ़ाने की मांग, मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत हुआ प्रदर्शन

गोवर्धन ताम्रकार


अहिवारा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहिवारा द्वारा शुक्रवार 30 जनवरी को एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर सम्पन्न हुआ।
धरना मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत धान खरीदी की निर्धारित तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर बस स्टैंड अहिवारा में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।
नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहिवारा के अध्यक्ष संतोष बाफना ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, पूर्व जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
धरना स्थल पर नेताओं ने कहा कि धान खरीदी की समय-सीमा समाप्त होने से किसानों को परेशानी हो रही है, इसलिए सरकार को तत्काल तिथि बढ़ाने का निर्णय लेना चाहिए। साथ ही मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में उमेश साहू (ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण), हीरा वर्मा, कैलाश नाहटा, रामकृष्ण भुवन साहू, दुर्गा गजभिए, अशोक आडील, शिव साहू, मनीष बंजारे, उमेश बंजारे, नागमणि साहू, स्टालिन सैमुअल, परदेसी राम साहू, ओनी महिलांग एवं लालेश्वर देवांगन सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर अध्यक्ष संतोष बाफना ने सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आंदोलन ही लोकतंत्र की शक्ति है।