पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक 4 में सदस्य पद के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य अंशु रजक ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी शैलेश साहू के पक्ष में चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। उपचुनाव के तहत 1 जून को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम साकरा में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा। अंशु रजक ने कहा कि क्षेत्र की जनता का उत्साह और अपार स्नेह यह दर्शाता है कि ग्राम साकरा सहित पूरे क्षेत्र के लोग विकास, विश्वास और जनहित की राजनीति के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके हक और अधिकार के लिए संघर्ष करती रहेगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी शैलेश साहू के पक्ष में मतदान करने की अपील की।







