Congress President: खरगे या थरूर, 24 वर्ष बाद मिलेगा गैर-गांधी अध्यक्ष, आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी मतगणना

कांग्रेस पार्टी को आज नया अध्यक्ष मिलना तय है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज मतगणना होगी और इसी के साथ 24 साल बाद नेहरू-गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा।पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। सूत्रों ने बताया कि मतगणना बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी और उसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नया अध्यक्ष सोनिया गांधी की जगह लेगा, जो 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी के पद से हटने के बाद अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। दोपहर तीन से चार बजे के बीच परिणाम घोषित होने की संभावना है। मल्लिकार्जुन खड़गे को चुनाव जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष के पांच एजेंट मतगणना की निगरानी करेंगे जबकि दोनों पक्षों के दो एजेंटों को रिजर्व में रखा जाएगा।

प्रदेश मुख्यालय से मतपेटियां कांग्रेस कार्यालय में मतगणना स्थल पर पहुंच गई हैं। चुनाव प्राधिकरण के एक पदाधिकारी ने कहा कि देश के सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां कांग्रेस मुख्यालय लाई गईं हैं। इन्हें कांग्रेस मुख्यालय के भीतर बने स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। मतगणना पार्टी मुख्यालय में ही होगी। माना जा रहा है कि मतगणना के मौके पर दोनों उम्मीदवारों के एजेंट के अलावा उनके समर्थक भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे।