पाटन में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, डेमो मीटर तोड़कर जताया विरोध, स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान की शुरुआत


पाटन । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार स्मार्ट मीटर के विरोध मे रविवार को पाटन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन एवं जामगांव (आर) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान की शुरुआत पाटन में की है। व्यापारियों से फार्म भरवाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्राम गृह, पाटन से हुई, जहां से कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रैली के रूप में जनपद कार्यालय की ओर रवाना हुए। रैली आत्मानंद चौक होते हुए जनपद कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में नारेबाजी करते हुए आम जनता पर बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा उठाया।
जनपद कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर के डेमो मॉडल को प्रतीकात्मक रूप से तोड़कर सरकार की स्मार्ट मीटर योजना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुनः पुराने बिजली मीटर लगाए जाएं तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, आशीष वर्मा, मनीष बंछोर, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी, कौशल चंद्राकार, जयश्री जवाहर वर्मा, रूपेंद्र शुक्ला, देवेश चन्द्राकार, छोटू बघेल, भरत वर्मा, अजय सिंगौर, नीरज सोनी, आभाष दुबे, गोपाल देवांगन, अंशु रजक, किरण चंद्राकर, विपिन चंद्राकार, ललित सिन्हा, पलेश्वर ठाकुर, लोचन यादव, सालिक साहू, युवराज साहू, धर्मेंद्र साहू, मनोज वर्मा, संतराम कुर्रे सहित अन्य मौजूद रहे।