नकटी के पीड़ित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पटेल चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जलाया पुतला


दुर्ग। रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) एवं जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर के संयुक्त तत्वावधान में पटेल चौक, दुर्ग में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर एवं दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गरीब परिवारों के साथ हुई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण, अमानवीय एवं जनविरोधी बताया।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को न्याय देने के बजाय उनके सिर से छत छीनने का काम कर रही है। नकटी गांव में जिन परिवारों के मकान तोड़े गए, वे वर्षों से वहीं निवास कर रहे थे। उन्हें बिजली, पानी, सड़क, राशन, प्रधानमंत्री आवास सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहा। यदि भूमि वास्तव में शासकीय थी तो प्रशासन इतने वर्षों तक मौन क्यों रहा? चुनावी वादों में गरीबों के हितों की बात करने वाली भाजपा सरकार आज उन्हीं गरीबों को बेघर कर रही है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर करना किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्म की बात है। प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के बजाय बुलडोजर की राजनीति की, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि सभी प्रभावित परिवारों का तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा एवं वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अन्याय के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि नकटी की घटना केवल एक गांव का मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के गरीबों की सुरक्षा और सम्मान का प्रश्न है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। एक ओर जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन अचानक बुलडोजर चलाकर गरीब परिवारों को बेघर कर देता है। यह प्रदेश की जनता के विश्वास के साथ छल है।
पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा ने कहा कि नकटी में हुई कार्रवाई केवल मकानों पर नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और उनके जीवन पर बुलडोजर चलाने जैसी है। किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का दायित्व होता है कि वह पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करे, उसके बाद ही कोई प्रशासनिक कार्रवाई करे। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों को बेघर करना पूरी तरह अमानवीय और असंवेदनशील कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। सरकार को तत्काल प्रभावित परिवारों का पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नकटी के प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय, पुनर्वास एवं मुआवजा नहीं दिया गया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव और शहर-शहर तक लेकर जाएगी तथा प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
इस दौरान प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्रकार, निरंजन राजपूत, नंदकुमार सेन, विशाल देशमुख, राम सुर्यवंशी, मोहन साहू, कमलेश साहू, देवेंद्र देशमुख, करीम खान,पवन पटेल, हिमांशु शर्मा, आनंद ताम्रकर, नासिर खोखर, लोचन यादव, अभिषेक जांगड़े, सुमित नारंग, आर एन वर्मा, रायसिंग डिकोला, सचिन पाटने, सुशील भारद्वाज, अल्ताफ अहमद, संजय बत्रा, कन्या ढीमर, राहुल शर्मा, गुरदीप सिंह भाटिया, अली असगर, सुमित घोष, भारत भूषण सोनवानी, जयप्रकाश साहू, सुमन वर्मा,अभिषेक त्रिपाठी, सरोजनी चंद्राकर, संजय देशलहरे, मुकेश साहू, प्रवीण डे, देवनारायण ठाकुर, श्यामलाल सारवे, टिकेश्वर यदु, सचिन पाटले, श्यामाचरण मनहर, मोहित वालदे, राहुल वर्मा, प्रेमकुमार मिश्रा, ऋसभ तिवारी, पार्षद भारती राम सुर्यवंशी, लेखराम साहू, कन्या ढीमर, आयुष शर्मा, चिराग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।