पाटन जनपद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत, चुनाव प्रभारी मोनू साहू की रणनीति रही चर्चा में, पढ़िए पूरी खबर

पाटन। जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक 4 में हुए सदस्य पद के उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी उर्वशी साहू ने जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और जीत का श्रेय चुनाव प्रभारी मोनू साहू की रणनीतिक कार्यशैली को दिया जा रहा है।

कांग्रेस संगठन द्वारा इस उपचुनाव के लिए मोनू साहू को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था। चुनाव घोषणा के बाद से ही उन्होंने क्षेत्र में लगातार बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम किया। बताया जाता है कि उन्होंने गांव-गांव जाकर मतदाताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया, जिसका लाभ कांग्रेस प्रत्याशी को मिला।

मोनू साहू का इस क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव पहले से रहा है। वे पूर्व में इसी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत चुके हैं और लगातार क्षेत्र के लोगों के संपर्क में बने रहते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्थानीय समीकरणों की उनकी समझ और संगठनात्मक क्षमता इस चुनाव में कांग्रेस के लिए निर्णायक साबित हुई।

उपचुनाव को लेकर भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी। प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री सहित भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन से लेकर मतदान पूर्व तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर चुनाव प्रचार किया। इसके बावजूद कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की जीत ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि मोनू साहू की सुनियोजित रणनीति और कार्यकर्ताओं के समन्वय ने भाजपा की चुनावी तैयारियों को चुनौती दी, जिसके परिणामस्वरूप सत्ता पक्ष के समर्थन प्राप्त प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। वहीं राजनीतिक विश्लेषक इस परिणाम को स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी संपर्क का प्रभाव बता रहे हैं।