उद्देशिका वाचन के साथ कोड़ापुरी में मना संविधान गौरव दिवस


पंडरिया- ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में संविधान दिवस बड़ी ही गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर  के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात् समस्त शिक्षक-कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर संविधान की उद्देशिका (Preamble) का सामूहिक वाचन किया।
विद्यालय के प्राचार्य बसंत डोरे ने उद्देशिका का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए संविधान के मूल मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही इसे आत्मसात करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ व्याख्याता दिनेश कुमार तिवारी ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा की स्थापना एवं प्रारूप समिति के योगदान को सरल भाषा में समझाया।व्याख्याता वीरेंद्र चंद्राकर ने छः मौलिक अधिकारों और ग्यारह मौलिक कर्तव्यों पर प्रभावी चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को उत्तरदायी नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एम डी बर्मन, वर्षा पांडे, देवेन्द्र सेन, रवेंद्र जंघेल,आदित्य साहू,श्रवण साहू तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे जिन्होंने पूरे उत्साह से सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ किया गया।