लगातार बारिश से बढ़ा खारुन नदी का जलस्तर, टोला घाट पर उमड़ रही पर्यटकों की भीड़, इधर सेल्फी लेने जान जोखिम में डाल रहे पर्यटक

पाटन। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी में बढ़ते पानी का असर पाटन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टोला घाट में साफ दिखाई देने लगा है। नदी के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर की चार सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है, जबकि नदी पर बने एनीकेट भी पूरी तरह लबालब हो गए हैं। बढ़ते जलस्तर और प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक टोला घाट पहुंच रहे हैं।

टोला घाट में हाल ही में शुरू हुए लक्ष्मण झूला ने इस स्थल की खूबसूरती और आकर्षण को और बढ़ा दिया है। झूले पर खड़े होकर पर्यटक उफनती खारुन नदी, हरियाली और सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। छुट्टी के दिनों और शाम के समय यहां युवाओं, परिवारों और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।

हालांकि, बढ़ते जलस्तर के बीच सुरक्षा व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है। खारुन नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है, इसके बावजूद कई युवक-युवतियां नदी के भीतर उतरकर सेल्फी लेने और नहाने का जोखिम उठा रहे हैं। वहीं कुछ पर्यटक एनीकेट तक पहुंचकर जान जोखिम में डाल रहे हैं। तेज बहाव के कारण कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन को यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए। नदी किनारे चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग, होमगार्ड या पुलिस बल की तैनाती और खतरनाक स्थानों पर लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बारिश के मौसम में टोला घाट का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को आकर्षित कर रहा है, लेकिन सुरक्षा उपायों के अभाव में यह खूबसूरत पर्यटन स्थल हादसों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।