पाटन। क्षेत्र में सोमवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पाटन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टोला घाट स्थित शिव मंदिर तक नदी का पानी पहुंच गया है। नदी के बीच स्थित मंदिर के चार सीढ़ियों तक पानी भर जाने से प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।टोला घाट में मंदिर के समीप स्थापित नंदी प्रतिमा तक भी नदी का पानी पहुंच चुका है। जलस्तर लगातार बढ़ने की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और श्रद्धालुओं को नदी में उतरने से सख्त मना किया गया है। पुलिस द्वारा लगातार गश्त कर लोगों को नदी के तेज बहाव और गहरे पानी से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और सेल्फी या स्नान के लिए नदी में उतरने से बचें। गौरतलब है कि हाल ही में खारुन नदी में तेज बहाव के कारण एक युवक के बह जाने की घटना के बाद प्रशासन सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







