सतनामी समाज से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, अचानकपुर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निंदा प्रस्ताव पारित


पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। तहसील सतनामी समाज पाटन ने एसडीएम लवकेश ध्रुव को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि संबंधित पोस्ट से समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सरपंच द्वारा सोशल मीडिया स्टेटस एवं व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई कथित पोस्ट से सतनामी समाज की छवि धूमिल हुई है। समाज ने इसे आपत्तिजनक एवं जातिगत टिप्पणी बताते हुए मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने तथा सरपंच को पद से हटाने की मांग की है। समाज का कहना है कि सार्वजनिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि से मर्यादित एवं जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है और इस प्रकार की कथित टिप्पणी जनप्रतिनिधि की गरिमा के विपरीत है।
इस दौरान तहसील सतनामी समाज ने सरपंच के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। समाज ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष संतराम कुर्रे, शीतकरण महिलवार, उत्तरा सोनवानी, ईश्वर बंजारे, सूर्यकांत टंडन, अम्बेडकर जोशी, रामनाथ गायकवाड, गौरव कौशल, खिलेश मार्कण्डेय, आकाश चेलक, अभिषेक चतुर्वेदी, प्रशांत कुर्रे, रमेश कुर्रे, संजय कुमार, अहेद्र चेलक, दिलीप टंडन, घासीराम बंधे, राजेश बघेल सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
इधर, सरपंच देवानंद साहू ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनका किसी भी समाज, विशेषकर सतनामी समाज, के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है। विवाद की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित पोस्ट हटा दी तथा अपनी गलती स्वीकार करते हुए सतनामी समाज से माफी मांगने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है।
वर्जन (एसडीएम)
“सतनामी समाज द्वारा अचानकपुर सरपंच के सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच उपरांत नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।”
— लवकेश ध्रुव, एसडीएम, पाटन