पाटन कालेज में दीक्षांत सामरोह का आयोजन,

पाटन। शासकीय चंदूलाल चंद्राकर कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाटन में दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरवारा के मार्गदर्शन में दिनांक 18/08/2026 को नवप्रवेशित विद्यार्थियों हेतु उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। नेहा वर्मा और साथियों ने सरस्वती वंदना तथा कु. वर्षा ने राजगीत प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की प्राचार्य एवं कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. नंदा गुरवारा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की अकादमिक और अन्य सुविधाओं से रूबरू करवाया। प्राचार्य महोदया ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों से महाविद्यालय में अनुशासन बनाये रखते हुए अध्ययन की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री योगेश (निक्की) भाले ने विद्यार्थियों से अपना सही लक्ष्य चुनकर उस पर अमल करने की बात कही। उन्होंने अपने उद्बोधन में औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती निशा सोनी, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पाटन ने महाविद्यालयीन शिक्षा को वास्तविक दीक्षारंभ बतलाया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि श्री लीलाधर वर्मा ने महाविद्यालय की विकास यात्रा पर केंद्रित विचार रखे। सभापति केवल देवांगन ने विद्यार्थियों को एकाग्रचित होकर अध्ययनरत रहने हेतु प्रेरित किया। एन.ई.पी. सेल सदस्य एवं विभागाध्यक्ष वाणिज्य विभाग डॉ. गौरव शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री राजा पाठक, सभापति श्री देवेन्द्र ठाकुर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एन.ई.पी. सेल प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष अंग्रेजी विभाग श्रीमती रागिनी साहू ने किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं छात्र गण उपस्थित रहे।