क्रेडा सदस्य विजय साहू ने सरोज पांडेय पर कसा तंज, कहा-छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री भूपेश पर अनर्गल बयान न दे सरोज, पहले अपने संगठन और पार्टी को देखें, छत्तीसगढ़ के लिए सरोज का कोई योगदान भी नहीं

भिलाई । राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय पर छत्तीसगढ़ क्रेडा विकास प्राधिकरण के सदस्य विजय साहू ने करारा तंज कसा है। विजय साहू ने सरोज पांडेय से कहा है कि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर अनर्गल बयान न दें। छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री भूपेश प्रदेश के गरीब, किसान और लोगों के दिलों में राज करते हैं। देश के नंबर-1 लोकप्रिय और पसंदीदा मुख्यमंत्री है। उनके बारे में अनर्गल बयान देने से पहले सरोज पांडेय को खुद की पार्टी के बारे में ख्याल करना चाहिए। जिस दुर्ग लोकसभा से चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंची, वहां जाते ही दुर्ग के लोगों के बारे में ख्याल नहीं आया। दुर्ग के दम पर राष्ट्रीय नेत्री बनी। लेकिन जब उसी दुर्ग की बारी आती है तो कहती हैं मैं लोकल इश्यू पर बात नहीं करती। अभी छत्तीसगढ़ कोटे से राज्यसभा सदन में पहुंची हैं। कम से कम छत्तीसगढ़ के हित में सदन में आवाज बुलंद करें। छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री पर बयान शोभा नहीं देती। पहले अपनी पार्टी की गुटबाजी पर ध्यान देना चाहिए। भिलाई-दुर्ग का संगठन तितर-बितर हो गया है। भाजयुमो के कार्यकर्ता गुंडागर्दी करने में उतारू हो गए हैं। इसलिए दूसरे पर आरोप और अनर्गल बयान देने से पहले सरोज पांडेय अपने घर और पार्टी को देखें। विजय साहू ने यह भी कहा कि, शायद सरोज पांडेय को 2014 की वो हार याद नहीं है। बेमेतरा में हुए किस्से-कहानी भी याद नहीं है। समाज आज भी उस बात को याद रखा है।